file photo
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें राज्य की कानून-व्यवस्था, सड़क व्यवस्था, सेवा पखवाड़ा और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी, सीमाओं पर सघन चेकिंग और रात्रिकालीन गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
बरसात के बाद सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि निविदा प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली जाए ताकि समय पर सड़कों का सुधारीकरण हो सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी जिलों में सेवा, जनजागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
मुख्यमंत्री ने रेत मिश्रित नमक से जुड़ी शिकायत पर भी नाराजगी जताई और तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
बैठक में मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव, सचिव शैलेश बगोली, डीजीपी दीपम सेठ, एडीजी ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।
