हल्द्वानी: नैनीताल एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बुधवार को आदेश कक्ष में जनपद के सभी विवेचकों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई और सख्त निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि गुमशुदगी मामलों समेत सभी विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, अन्यथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने लापरवाही पर बड़ा कदम उठाते हुए उपनिरीक्षक हरजीत सिंह राणा और अपर उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह को निलंबित कर दिया। वहीं, उपनिरीक्षक मोहम्मद युनुस और उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा को लाइन हाजिर कर दिया गया।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि न्यायालयी प्रकरणों में लापरवाही या गवाही के दौरान अनुपस्थित रहने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और जवाबदेही तय होगी।
आदेश कक्ष की बैठक में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र सहित जिले के तमाम सीओ और विवेचक मौजूद रहे।
