नैनीताल: जिले के बेतालघाट क्षेत्र से दुखद खबर सामने आई है। यहां गधेरे को पार करते समय पानी के तेज बहाव में एक वन दरोगा बह गया। एसडीआरएफ की टीम ने देर रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसका शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
बुधवार रात करीब 8:30 बजे सिमलखा निवासी 35 वर्षीय फॉरेस्टर देवेंद्र सिंह बिष्ट अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से खैरना से सिमलखा की ओर लौट रहे थे। डोलकोट गधेरे को पार करते समय अचानक उनकी बाइक फिसल गई और दोनों बहाव में गिर पड़े। हालांकि, साथी किसी तरह बच गया लेकिन देवेंद्र तेज धारा में बह गए।
देवेंद्र के साथी ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को बुलाया, मगर अंधेरा और तेज पानी के कारण तत्काल बचाव संभव नहीं हो सका। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दो जेसीबी मशीनों की मदद से देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया और आखिरकार पहले बाइक तथा बाद में देवेंद्र का शव बरामद हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही बेतालघाट ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, पटवारी कमल जोशी और मो. शकील अहमद समेत ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। देवेंद्र की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
