प्रतीकात्मक तस्वीर.
हल्द्वानी: शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में चार मंजिल ऊँचाई से गिरकर आभूषण कारीगर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक छत पर बनी ममटी पर बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था। पुलिस ने हादसा और हत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सुभाष मन्ना (32) पुत्र कार्तिक मन्ना के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के दत्तापुर दक्षिण पारा, हुगली का निवासी था और हल्द्वानी के गुरुद्वारे के पास जगन्नाथ गली में एक मकान की चौथी मंजिल पर रहता था। सुभाष शहर की कई ज्वेलरी दुकानों में आभूषण निर्माण का कार्य करता था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात भोजन के बाद वह छत पर टहल रहे थे। हेडफोन लगाकर घरवालों से बात करते हुए वह ममटी पर चढ़ गए और कुछ देर वहीं बैठकर बातचीत करते रहे। रात करीब 11:20 बजे छत से गिरने की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई। घटना का पता शनिवार सुबह तब चला जब रामलीला ग्राउंड के पास शव पड़ा मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान सुभाष मन्ना के रूप में की। युवक के सिर और मुंह से काफी मात्रा में खून बहता पाया गया। कोतवाल राजेश यादव ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि मृतक के साथ मकान में रहने वाले लोगों और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना हादसा प्रतीत हो रही है, लेकिन मामले की सच्चाई जानने के लिए हत्या के कोण से भी जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है
