रामनगर: गौजानी क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक घटना हुई। नौ वर्षीय बालक अनस पुत्र अफजाल खान को कोबरा सांप ने काट लिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। बालक को रामनगर अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया गया और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन बाजपुर अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक और हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार अनस अपने घर में खेलते समय तख्त के नीचे रखे जूते के डब्बे पर पांव रख बैठा। उसे लगा किसी कीड़े ने काट लिया है। वह तुरंत अपनी मां के पास पहुंचा और बताया कि टांग में जलन हो रही है और खून निकल रहा है। पड़ोसियों और परिजनों ने देखा तो टांग पर सांप के काटने के निशान थे। जब बच्चे ने बताई जगह पर देखा गया तो जूते के डब्बे में बैठा कोबरा सांप पाया गया, जिससे सभी डर गए।
परिजनों ने तुरंत अनस को रामनगर अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परंतु बाजपुर अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामनगर अस्पताल के डॉ. तौहीब ने बताया कि बालक बेहोशी की हालत में लाया गया था और टांग पर दो से तीन जगह काटे के निशान थे। सैंपल लेकर एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया गया था।
सेव द स्नेक सोसायटी के सदस्य अर्जुन कश्यप ने पुष्टि की कि जिस सांप ने बालक को काटा वह कोबरा प्रजाति का था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
