देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 20 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। 17 सितंबर को देहरादून और बागेश्वर जिलों में अधिकांश स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 18 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में छिटपुट स्थानों पर वर्षा का अनुमान है। इसी प्रकार 19 और 20 सितंबर को भी बारिश का यही क्रम बने रहने की संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह से मानसून कमजोर पड़ने लगेगा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने जैसी घटनाएँ हो सकती हैं, जिससे लिंक रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो सकते हैं। ऐसे में विभाग ने लोगों को बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलने और चारधाम यात्रियों को यात्रा से पूर्व मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही निकलने की सलाह दी है।
बारिश के चलते नदियों और नालों के उफान पर आने की आशंका जताई गई है। नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और किनारे कटान की संभावना भी है। इसलिए नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
बीते दो दिनों से उत्तराखंड में भारी बारिश कहर बरपा रही है। देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार में नुकसान की खबरें सामने आई हैं। देहरादून की टौंस नदी में मजदूर बह गए, जिनमें से 8 के शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि 4 अब भी लापता हैं। 15 सितंबर की रात सहस्त्रधारा के ऊपरी इलाके कार्लीगाड़ और मजयाड़ा गांव से आए मलबे ने तबाही मचाई, जिसकी भयावह तस्वीरें 16 सितंबर की सुबह सामने आईं।
प्रदेश के कई हिस्सों में अब भी आपदा जैसे हालात बने हुए हैं। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन व अन्य एजेंसियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

