हल्द्वानी। नारी सशक्त परिवार स्वास्थ्य पखवाड़ा पर्व के तहत नैनीताल जनपद में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वास्थ्य पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस अभियान का आज हल्द्वानी के बेस हॉस्पिटल में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने विधिवत शुभारंभ किया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई और मुफ्त इलाज का लाभ उठाया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर यह विशेष स्वास्थ्य पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। प्रदेशभर में जगह-जगह स्वास्थ्य कैंप लगाए जा रहे हैं। नैनीताल जिले में तीन बड़े शिविरों के साथ 162 स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मरीजों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, दवा, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
महिलाओं और आमजन को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और आम नागरिकों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना है। भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग तथा जिला प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। खास तौर पर महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और इलाज पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सेवा भाव से चल रहे कार्यक्रम
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर समाज में सेवा भाव को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य शिविर भी इसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा, “देश की नारी स्वस्थ रहेगी तो पूरा देश स्वस्थ रहेगा। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना सहित कई योजनाओं के जरिए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मिल रही हैं। आज आमजन को मुफ्त इलाज मिल रहा है, जिससे उन्हें राहत मिल रही है।”
स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं। मरीजों को इलाज के साथ-साथ दवा, जांच और अन्य सुविधाएँ निशुल्क प्रदान की जा रही हैं। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि, डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी सेवा कार्य में जुटे हैं।
