लालकुआं। शनिवार देर रात हल्दूचौड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टांडा के जंगल की ओर से निकलकर जंगली हाथियों का झुंड सीधे हल्दूचौड़ पुलिस चौकी के सामने आ धमका। हाथियों को देख राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई और राजमार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन चालकों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और भीड़ न लगाने की अपील की। करीब कुछ देर तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से सटे इलाकों में हाथियों की आवाजाही आम है, लेकिन राजमार्ग पर हाथियों का पहुंचना कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। लोगों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की।
पुलिस व वन विभाग ने सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी करते हुए कहा कि हाथियों के पास जाने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करें। फिलहाल झुंड पेशकारपुर गांव की ओर बढ़ गया है।
