नैनीताल। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार 21 सितम्बर 2025 को जनपद नैनीताल में कड़े सुरक्षा पहरे और सतर्क निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा स्वयं नैनी वैली, सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और क्वीन पब्लिक स्कूल सहित कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और सभी कर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए थे।
परीक्षार्थियों की DFMD, HHMD और फ्रिस्किंग प्रक्रिया के जरिए सघन चेकिंग की गई।
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा।
एलआईयू और एसओजी लगातार सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।
सभी परीक्षा केंद्र CCTV और वीडियो निगरानी से लैस रहे।
साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी गई। नोडल अधिकारियों और पुलिस टीमों ने समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
एसएसपी नैनीताल प्रहलाद मीणा ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता किसी भी हाल में प्रभावित नहीं होगी। पुलिस पूरी तरह चौकस और मुस्तैद है।

