हरिद्वार। सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शनिवार सुबह करीब 11:20 बजे हरिद्वार–लक्सर मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी रोडवेज बस अचानक बिजली के ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया और उसका संतुलन बिगड़ गया। नियंत्रण खोने के बाद बस बिजली के पोल को तोड़ते हुए सीधे ट्रांसफॉर्मर में जा घुसी। हादसे के समय बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सहित बड़ी संख्या में यात्री सवार थे।
बस के ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद उसमें करंट दौड़ गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अफरा-तफरी के बीच लोग बस से बाहर निकलने लगे। इस दौरान कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। वहीं, गंभीर हालत में चालक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि अमावस्या स्नान के चलते इस मार्ग पर वाहनों की भीड़ अधिक थी। हादसे के बाद सड़क पर ट्रैफिक बाधित हो गया। हालांकि कुछ देर बाद हालात सामान्य हो गए और यातायात फिर से सुचारू हो सका।
