किच्छा: कुमाऊँ पुलिस और औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा थाना पुलभट्टा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नशीली दवाएँ बरामद की हैं। यह कार्रवाई आईजी कुमाऊँ मण्डल और स्वास्थ्य सचिव के आदेश पर रविवार को की गई।
टीम ने कब्रिस्तान रोड, इन्द्रानगर स्थित दो मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। पहले स्टोर में अनियमितताएँ मिलने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि दूसरे स्टोर में छापेमारी के दौरान 1875 ट्रामाडोल कैप्सूल, 429 एलप्राजोलम टैबलेट और 57 कोडीन सिरप बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान स्टोर संचालक किसी भी वैध बिल, दस्तावेज़ या लाइसेंस पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में औषधि नियंत्रक विभाग और SOTF कुमाऊँ की टीम सहित पुलभट्टा थाना पुलिस भी शामिल रही।
