लालकुआं। क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करने वाले महेश जोशी (54 वर्ष) का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार उन्होंने जहरीला पदार्थ सेवन किया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बबूर गुमटी निवासी महेश जोशी क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। वे अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। गत दिवस लालकुआं तहसील के पास वे अर्ध बेहोशी की हालत में मिले थे। लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी और फिर भोजीपुरा स्थित राम मूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी ने बताया कि महेश जोशी की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम बरेली में किया जा रहा है। उसके बाद शव को उनके घर लाया जाएगा।
