नैनीताल: नगर कांग्रेस कमेटी नैनीताल की ओर से मंगलवार को मल्लीताल स्थित पंत प्रतिमा के समीप जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर धामी सरकार और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) का पुतला दहन किया।
नगर अध्यक्ष अनुपम कबड्वाल ने कहा कि धामी सरकार ने भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए देश का सबसे सख्त कानून लागू करने का दावा किया था, लेकिन इसके बावजूद आयोग द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक होना सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से एक दिन पहले ही हाकम सिंह की गिरफ्तारी और उसके बाद युवाओं के समय और पैसे की बर्बादी ने उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। इस पूरे मामले में UKSSSC के अध्यक्ष को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए था।
अनुपम कबड्वाल ने मांग की कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय इस मामले का स्वत: संज्ञान ले और अपनी निगरानी में इस परीक्षा की जांच करवाते हुए परीक्षा को रद्द कर पुन: आयोजित करवाए। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के युवाओं के साथ न्याय होगा।
धरना-प्रदर्शन में नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, नगर महामंत्री कैलाश अधिकारी, नगर सचिव बंटू आर्या, सभासद जीनू पांडेय, जिलाध्यक्ष एनएसयूआई शार्दुल नेगी, नगर अध्यक्ष आयुष आर्या समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
