बदरीनाथ हाईवे के जाम में फंसी गर्भवती,
चमोली: जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे लंबे जाम के बीच स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मियों ने साहस और मानवता की मिसाल पेश की। जाम में फंसी गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिसके बाद स्वास्थ्य टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन के अंदर ही सुरक्षित प्रसव कराया।
जानकारी के अनुसार जोशीमठ विकासखंड के किमाणा गांव निवासी रजनी देवी नियमित जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ जा रही थीं। इसी दौरान जोगीधारा के पास बदरीनाथ हाईवे पर भारी जाम लग गया। लंबे जाम के बीच अचानक महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
.
.
सड़क पर वाहनों की लंबी कतार होने के कारण एंबुलेंस मौके तक नहीं पहुंच सकी। हालात बिगड़ते देख परिजनों ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ की टीम सक्रिय हो गई।
जाम के कारण वाहन से पहुंचना मुश्किल था, इसलिए एएनएम मंदाकिनी और रजनी ने स्कूटी से मौके पर पहुंचने का फैसला लिया। दोनों स्वास्थ्यकर्मी जोगीधारा पहुंचीं, जहां स्थानीय आशा कार्यकर्ता आशा देवी की मदद से वाहन के भीतर ही सुरक्षित माहौल तैयार किया गया।
स्वास्थ्य टीम ने सड़क किनारे खड़े वाहन में ही महिला का सफल प्रसव कराया। स्वास्थ्य विभाग की तत्परता के चलते जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
डॉ. गौतम ने बताया कि जाम के चलते महिला को अस्पताल लाना संभव नहीं था। ऐसे में मौके पर ही प्रसव कराने का निर्णय लिया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। उन्होंने बताया कि जच्चा और नवजात दोनों की लगातार निगरानी की जा रही है और दोनों की हालत सामान्य है।
