नैनीताल: नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर ताकुला के पास मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी की ओर से नैनीताल आ रही ग्रे कलर की आई-10 कार संख्या यूके-07 एएम-7810 अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कार में पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल निवासी चार लोग सवार थे। ताकुला के समीप पहुंचते ही चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क से नीचे खाई में पलटते हुए जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही ताकुला निवासी बसंत मेहरा स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और करीब 300 मीटर गहरी खाई में उतरकर घायलों का रेस्क्यू किया। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस व कोतवाली के वाहन की मदद से सभी घायलों को बी.डी. पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान 28 वर्षीय नवीन चंद्र, 66 वर्षीय कैलाश चंद्र, 23 वर्षीय नितेश और 63 वर्षीय देवी दत्त के रूप में हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार करने के बाद एक्स-रे समेत अन्य आवश्यक जांच कराई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों लोग किसी काम से हाईकोर्ट जाने के लिए नैनीताल आ रहे थे। हादसे की जानकारी तल्लीताल कोतवाली के एएसआई सुनील कुमार ने दी।
