filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 2;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;HdrStatus: auto;albedo: ;confidence: ;motionLevel: 0;weatherinfo: null;temperature: 40;
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। एक तरफ मैदानी इलाकों में तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम फिर से करवट लेने जा रहा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 17 अप्रैल यानी शुक्रवार से राज्य के पांच जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। फिलहाल राज्य के अधिकतर हिस्सों में आसमान साफ है और धूप तेज है, लेकिन रात से मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं।
…
मौसम विभाग के मुताबिक, भू-मध्य सागर से उठे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में बादल छाने शुरू हो जाएंगे। इसका असर खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में देखने को मिलेगा, जहां हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। हालत यह है कि लोग अब पंखे और कूलर का सहारा लेने लगे हैं। वहीं, पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड अभी भी बनी हुई है, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।
…
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 4 से 5 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और बढ़ेगी।
इसके साथ ही 17 अप्रैल को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के साथ-साथ रुद्रप्रयाग और बागेश्वर के कुछ हिस्सों में गर्जना के साथ हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है।
विशेष रूप से 3800 से 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों जैसे केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जिससे वहां का मौसम एक बार फिर ठंडा हो जाएगा।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए जरूरी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
