हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि कबाड़ बीनने का काम करने वाला एक व्यक्ति किशोर को बातों में उलझाकर सुनसान जगह ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, किशोर मुखानी क्षेत्र में एक मांस विक्रेता की दुकान के पास रहता और वहां बैठता था। आरोपी भी आसपास ही कबाड़ बीनने का काम करता था। बुधवार को आरोपी किशोर के पास पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे दुकान से कुछ दूरी पर ले गया।
आरोप है कि सुनसान जगह पर आरोपी ने किशोर के साथ अश्लील हरकत की। किशोर ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और बाद में दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने किशोर को धमकाया और वहां से चला गया।
घर पहुंचने के बाद किशोर ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर मुखानी थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने किशोर की काउंसलिंग कराई। पुलिस के अनुसार, काउंसलिंग के दौरान किशोर ने अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद मुखानी थाने में देर रात काफी देर तक हंगामा भी हुआ। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़ित किशोर की काउंसलिंग कराई गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
