हल्द्वनी: काठगोदाम और रानीबाग के बीच गुलाब घाटी में लगने वाले भीषण जाम से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। इस समस्या के समाधान के लिए काठगोदाम से दानीजाला-सिमलखेत होते हुए एचएमटी अमृतपुर तक बाईपास मोटर मार्ग बनाने को 18.22 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को हरी झंडी दी है। इस बाईपास के निर्माण से कुमाऊं आने-जाने वाले यात्रियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में पहाड़ कटान के लिए 1.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि दूसरे चरण में निर्माण कार्यों के लिए 4.69 करोड़ रुपये का शासनादेश जारी हो चुका है। इसके अलावा करीब 11.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल निर्माण को भी मंजूरी मिल गई है।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य में देरी न हो और परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके।
उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार जताते हुए कहा कि यह बाईपास कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाएगा।
