अल्मोड़: राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर स्थित क्वारब डेंजर जोन से करीब 48 दिन बाद बुधवार को वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई। लंबे समय से बंद पड़े इस मार्ग के खुलने से पहाड़ और मैदान के बीच सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की निगरानी में वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाला गया।
दरअसल, क्वारब क्षेत्र में पहाड़ी लगातार दरकने से खतरा बढ़ गया था। इसके चलते जिला प्रशासन ने 29 मई से इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। तब से यातायात डोबा-चौसली वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जा रहा था।
हालांकि, लगातार बारिश के कारण डोबा-चौसली मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने लगा। सड़क पर मलबा आने और बार-बार मार्ग बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई बार घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
इसी बीच वैकल्पिक मार्ग पर मरम्मत और डामरीकरण का काम शुरू किया गया है। इस कार्य के चलते डोबा-चौसली मार्ग को चार दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में बुधवार से सभी छोटे-बड़े वाहनों को क्वारब डेंजर जोन से ही निकाला जा रहा है।
मार्ग खुलने के पहले दिन क्वारब के दोनों ओर पुलिस बल तैनात रहा। वाहनों को एक-एक कर सावधानी के साथ आगे बढ़ाया गया। हालांकि, सड़क पर उड़ रही धूल के कारण यात्रियों को कुछ दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता के.जी. गोस्वामी ने बताया कि डोबा-चौसली मार्ग पर सुधार कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सड़क से मलबा हटाने और अन्य जरूरी कार्य पूरे होने के बाद जल्द ही वहां भी यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
