देहरादून: उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ आने की आशंका भी जताई है। इसके साथ ही प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार वर्षा के कारण कई इलाकों की जमीन पहले से ही पूरी तरह भीग चुकी है। ऐसे में तेज बारिश होने पर पानी का बहाव तेजी से बढ़ सकता है और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। नदी-नाले उफान पर आने और भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ने की आशंका जताई गई है।
बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए बागेश्वर को छोड़कर चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी समेत कई जिलों में जिला प्रशासन ने एहतियातन स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इन जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालय बंद रहेंगे।
मौसम विभाग ने 20 जुलाई के लिए रेड अलर्ट और 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना है।
जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर हालात पर लगातार नजर रखें। भूस्खलन संभावित स्थानों पर जेसीबी मशीनें, राहत एवं बचाव दल, आवश्यक उपकरण और अन्य संसाधन पहले से तैनात रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। किसी भी आपदा या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विभागों के आपसी समन्वय और लोगों की सतर्कता से किसी भी संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
