उत्तराखंड: गर्मी के बीच स्कूलों के समय को लेकर लिया गया फैसला अब शिक्षा विभाग ने वापस ले लिया है। शिक्षक संघ के विरोध के बाद विभाग ने नया आदेश जारी करते हुए पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी है।
महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह की ओर से जारी निर्देश के अनुसार अब स्कूलों के खुलने और बंद होने का समय एक जैसा नहीं रहेगा, बल्कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर तय किया जाएगा। यह जिम्मेदारी मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) को दी गई है।
पहले विभाग ने गर्मियों के लिए सभी स्कूलों का समय सुबह 7:45 बजे से दोपहर 2:05 बजे तक तय कर दिया था। इस फैसले का शिक्षक संगठनों ने कड़ा विरोध किया था। उनका कहना था कि भीषण गर्मी में दोपहर तक स्कूल चलने से बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने के कारण बच्चों को स्कूल से घर लौटते समय लू और तेज धूप झेलनी पड़ रही थी, जिससे उनकी सेहत पर भी असर पड़ रहा था।
अब नए आदेश के बाद अलग-अलग जिलों में स्थानीय मौसम और परिस्थितियों के अनुसार स्कूल टाइमिंग तय की जाएगी, जिससे छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।
