देहरादून: टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज और उत्तराखंड के रहने वाले ऋषभ पंत ने राज्य में जमीन खरीदने को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद मांगी है। पंत ने बीती रात इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपने रहने के लिए उपयुक्त जगह नहीं मिल पाई है।
ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए उत्तराखंड में जमीन खरीदने में आ रही दिक्कतों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह अपना बेस दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और यहां अपना घर बनाना चाहते हैं।
पंत ने लिखा कि उत्तराखंड का स्थानीय निवासी होने के नाते वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह राज्य से किसी तरह की मुफ्त जमीन या तोहफा नहीं मांग रहे हैं, बल्कि सरकार की अनुमति के बाद सरकारी दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से जमीन खरीदने की प्रक्रिया को लेकर मदद करने की अपील करते हुए कहा कि स्पष्टता नहीं होने के कारण यह प्रक्रिया उनके लिए मुश्किल बन गई है। पंत ने यह भी कहा कि वह उत्तराखंड में अपना पहला घर बनाना चाहते हैं और राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं।
ऋषभ पंत के मुताबिक, वह करीब तीन साल से उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्हें अब तक अपने रहने के लिए बड़ी और उपयुक्त जगह नहीं मिल सकी है।
पंत ने अपने पोस्ट में उत्तराखंड के प्रति अपने लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने राज्य में वापस लौटना चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में प्रक्रिया स्पष्ट कराने और आवश्यक सहयोग देने का अनुरोध किया।
ऋषभ पंत की पोस्ट के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इंटरनेट मीडिया के जरिए उन्हें जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृभूमि के प्रति पंत का प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पंत की ओर से उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं, जो जल्द ही उनसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।
ऋषभ पंत मूल रूप से उत्तराखंड से हैं और भारतीय क्रिकेट टीम में अपनी पहचान बना चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके प्रदर्शन के कारण वह राज्य के प्रमुख खेल चेहरों में शामिल हैं।
बताया गया है कि ऋषभ पंत उत्तराखंड में सबसे अधिक टैक्स जमा करने वाले खिलाड़ियों में भी शामिल हैं। इस वित्तीय वर्ष में उनके द्वारा 23 करोड़ 84 लाख रुपये टैक्स जमा किए जाने का दावा किया गया है।
अब पंत की जमीन खरीदने की कोशिश और मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यह देखना होगा कि संबंधित अधिकारी उनसे कब संपर्क करते हैं और उत्तराखंड में अपना घर बनाने का उनका सपना कब पूरा होता है।
