हल्द्वानी: शहर से चोरी की घटनाओं के बीच एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शहर के आनंदपुरी महेशनगर क्षेत्र में एक घर के बाहर सूख रहे कपड़ों पर चोर ने हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-9 आनंदपुरी महेशनगर में शनिवार तड़के करीब 3:22 बजे एक युवक चुपचाप एक मकान की दीवार फांदकर परिसर में घुसा। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक बिना किसी घबराहट के कपड़े सुखाने वाली जगह तक पहुंचा और वहां टंगे कपड़ों को समेटकर अपने साथ ले गया। बताया जा रहा है कि चोरी किए गए कपड़ों में अधिकांश महिलाओं के वस्त्र शामिल थे।
घटना का पता सुबह घरवालों को तब चला जब उन्होंने कपड़े गायब देखे। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली। फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी यह तेजी से वायरल हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति देर रात आवासीय क्षेत्र में इस तरह बेखौफ होकर घरों में घुस सकता है तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि पहले छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं सुनने को मिलती थीं, लेकिन अब घरों के बाहर रखे सामान के साथ-साथ सूख रहे कपड़े भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद आसपास के लोग भी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं।
