भवाली: नैनीताल जिले की भवाली पुलिस ने घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 12 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त को ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना निवासी उमा लटवाल ने कोतवाली भवाली में अपने घर से सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के आदेश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने तत्काल सुरागरसी-पतारसी करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जितेंद्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल को गिरफ्तार किया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने का इरादा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से चोरी किए गए लगभग 12 तोला सोने के आभूषण बरामद कर लिए।
बरामद आभूषणों में दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी कान के झुमके, एक नथ, एक गोलोबंद, एक मांग-टीका और एक अंगूठी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सोने के जेवरों की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
मामले में आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
चोरी का खुलासा और शत-प्रतिशत बरामदगी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल ने टीम को ₹2,500 के इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
गिरफ्तार आरोपी:
जितेंद्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू पुत्र पूरन सिंह लटवाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना, थाना भवाली, जनपद नैनीताल।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनंद सिंह राणा, कांस्टेबल हरीश सिंह, कांस्टेबल प्रकाश चंद्र, कांस्टेबल मनीष पुनेठा, कांस्टेबल नरेंद्र मेहता, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश और चालक हेड कांस्टेबल आनंद सिंह कनवाल।

