नैनीताल: नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के दोगांव के पास पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा। पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा आने से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
भूस्खलन की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मार्ग से बोल्डर और मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई है। प्रशासन की निगरानी में सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दोगांव के पास जिस क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है, वहां पहले भी पहाड़ी का हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर चुका है। इस बार पहाड़ी से स्लेटनुमा पत्थरों के साथ बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया।
भूस्खलन के कारण हाईवे का पैराफिट भी क्षतिग्रस्त हुआ है। पहाड़ी से आया मलबा सड़क से नीचे नदी और जंगल की ओर भी चला गया।
अचानक सड़क बंद होने से नैनीताल और हल्द्वानी की ओर जाने वाले वाहन रास्ते में फंस गए। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस यातायात को व्यवस्थित करने में जुटी हुई है।
प्रशासन की ओर से लोगों से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच ऐसे स्थानों पर दोबारा पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है।
फिलहाल जेसीबी की मदद से सड़क से बोल्डर और मलबा हटाने का काम जारी है। मार्ग पूरी तरह साफ होने के बाद ही यातायात सामान्य हो सकेगा।

