नैनीताल: रन टू लिव संस्था की ओर से रविवार को शहर में 15वीं मानसून मैराथन का आयोजन किया गया। इस बार मैराथन की थीम ‘टूगेदर वी राइज’ रखी गई है। प्रतियोगिता में करीब 1400 धावक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें देश के 13 राज्यों के प्रतिभागियों के साथ ही केन्या के एक धावक ने भी दौड़ में हिस्सा लिया।
रविवार सुबह तड़के से ही मैराथन को लेकर आयोजक डीएसए मैदान में तैयारियों में जुटे रहे। सुबह करीब सात बजे एलआईसी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक आलोक कुमार सैनी, विपणन प्रबंधक एके चतुर्वेदी और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर मैराथन का शुभारंभ किया।
संस्था के संयोजक और अंतरराष्ट्रीय धावक हरीश तिवारी ने बताया कि मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और रन फॉर फन श्रेणियों में प्रतिभागी दौड़ रहे हैं।
इनमें केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से पहुंचे धावक शामिल हैं। इनके अलावा केन्या से आए एक विदेशी धावक ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार मैराथन का समापन दोपहर तक होगा। इसके बाद अलग-अलग श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मेडल देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
मैराथन के समापन कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
‘टूगेदर वी राइज’ थीम के साथ आयोजित इस मैराथन में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे धावकों ने नैनीताल की सड़कों पर दौड़ लगाकर खेल भावना और फिटनेस का संदेश दिया।

