टिहरी : जिले के चंबा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास एक यूटिलिटी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 10 लोग सवार थे और सभी किसी अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। हादसा दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ, जब ऋषिकेश से घनसाली की ओर जा रहा वाहन नैल के पास संतुलन खो बैठा और सीधे खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही चंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों, पुलिस और SDRF की टीम ने मिलकर खाई में गिरे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने दो घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल की पहचान उत्तम कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कई शव खाई में बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अभी तक सभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, मौके पर राहत कार्य के लिए टिहरी और आसपास के क्षेत्रों से एंबुलेंस भेजी गई हैं। प्रशासन की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है, साथ ही प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
