उत्तराखंड में बारिश का दौर
देहरादून: उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं।
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
इसके अलावा चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
15 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। स्वतंत्रता दिवस के दिन भी मौसम को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मौसम तथा सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें।
उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन संभावित मार्गों पर सावधानी बरतने को कहा है। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से भी लोगों को दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और राहत-बचाव टीमें तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच अगले चार दिन उत्तराखंड में प्रशासन के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं।
