नैनीताल: हल्द्वानी तहसील में लगातार मिल रही शिकायतों और मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में आयुक्त कुमाऊँ मण्डल द्वारा किए गए निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद जिलाधिकारी नैनीताल वंदना ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार हल्द्वानी मनीषा बिष्ट को पद से हटा दिया गया है, साथ ही उनके विरुद्ध विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि भी दर्ज की गई है।
यह कदम शासन की उस सख्ती को दर्शाता है जिसमें स्पष्ट कर दिया गया है कि अब लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष जून माह में वार्षिक निरीक्षण के दौरान भी तहसीलदार कार्यालय और न्यायालय कार्य में खामियां पाई गई थीं। उस समय जिलाधिकारी ने उन्हें कठोर चेतावनी देते हुए सुधार के लिए एक माह का समय दिया था।
हालांकि, हालिया निरीक्षण में दोबारा गंभीर कमियां सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की गई। यह फैसला न केवल प्रशासन की जवाबदेही को रेखांकित करता है, बल्कि आने वाले समय में अधिकारियों के लिए भी एक सख्त संदेश माना जा रहा है।
