रुद्रपुर: एसबीएस राजकीय पीजी कॉलेज रुद्रपुर में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान हुई मारपीट और फायरिंग की घटना के मामले में प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। उधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों—रम्पुरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कोहली, एएसआई अमित कुमार और कॉन्स्टेबल गणेश धानिक को सस्पेंड कर दिया।
बीती 24 सितंबर को कॉलेज गेट पर अध्यक्ष पद के दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आए थे। इस दौरान छात्रों में जमकर मारपीट हुई और दो आरोपियों ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग की। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई, लेकिन गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई और रुद्रपुर-रामपुर हाईवे पर जाम लग गया।
मामले में 15 नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों—रखवीर सिंह (27, बरेली), दानिश (29, रुद्रपुर) और गुरपेज सिंह (40, दिनेशपुर) को गिरफ्तार किया। तलाशी में दानिश के पास से अवैध तमंचा बरामद हुआ। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
