नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। ऑल इंडिया एलीट महिला आमंत्रण फेडरेशन कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 30 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर की शीर्ष महिला बॉक्सर हिस्सा लेंगी।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी वंदना सिंह ने 16 अक्टूबर को सभी संबंधित विभागों की बैठक बुलाई है। बैठक में प्रतियोगिता से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव गोपाल खोलिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की और आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। जानकारी के अनुसार, सभी खिलाड़ी 29 अक्टूबर को नैनीताल पहुंचेंगे और प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद 3 नवंबर को वापसी करेंगे।
खिलाड़ियों के ठहरने, खाने और स्वागत की विशेष व्यवस्था की जा रही है। टूर्नामेंट के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का बॉक्सिंग रिंग पिथौरागढ़ और काशीपुर से मंगाया जा रहा है। खिलाड़ियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए विशेष डाइट मैन्यू तैयार किया जा रहा है। साथ ही, काठगोदाम/हल्द्वानी से नैनीताल तक बस सुविधा और रिंग से होटल तक फ्री शटल सेवा की भी व्यवस्था की जा रही है।
आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य, पेयजल, और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। बरसात की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ टेंट लगाने पर भी विचार किया जा रहा है।
डीएम ने प्रतियोगिता के लिए एसडीएम नवाज़िश खलीक को नोडल अधिकारी नामित किया है। वहीं, एनसीएस बॉक्सिंग एकेडमी, नैनीताल के कोच, मैनेजर और बॉक्सरों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई है। बैठक में नवीन टम्टा, कमल जगाती समेत कई बॉक्सिंग अधिकारी मौजूद रहे।
