देहरादून: उत्तराखंड के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ फैलाए जा रहे फेक पोस्ट और भ्रामक प्रचार को लेकर देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को शिकायत पत्र भेजा है। उन्होंने अपनी छवि धूमिल करने की साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है। फिलहाल, साइबर टीम फेक आईडी और पोस्ट के स्रोत की जांच में जुटी है।
डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने पत्र में कहा कि, “कुछ व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया पर मेरी छवि को धूमिल करने की साजिश के तहत झूठी और भ्रामक पोस्ट साझा की जा रही हैं, जिससे मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।” उन्होंने ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के साथ तिवारी ने फेक आईडी और पोस्ट के कई स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह पोस्ट सुनियोजित तरीके से प्रसारित की गईं, जिसके चलते अब आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा, “डीजी सूचना की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। साइबर सेल मामले की गहन जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

