उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: अक्टूबर का दूसरा पखवाड़ा शुरू होते ही ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 अक्टूबर तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और इस दौरान मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि, धीरे-धीरे सुबह-शाम की ठंड के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में दिन में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज धूप के बावजूद अब धूप सहन करने लायक हो गई है। शुक्रवार को भी मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश के कारण ठंड बढ़ी है। इस बार मानसून सीजन के दौरान ही ठंड की शुरुआत हो गई थी। वहीं, ज्यादा बारिश होने से देहरादून की आबोहवा पहले से अधिक स्वच्छ और सांस लेने योग्य बनी हुई है।
