नैनीताल: दीपावली के त्योहार को देखते हुए नैनीताल, भीमताल और भवाली में दमकल विभाग ने सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली है। भवाली में एक नया और भीमताल में तीन नए फायर हाइड्रेंट लगाए गए हैं। इसके साथ ही पटाखों के बाज़ारों में चार फायर टेंडर तैनात किए गए हैं ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एफएसओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जल संस्थान के साथ मिलकर फायर हाइड्रेंट की जांच पूरी कर ली गई है। भवाली रोडवेज स्टेशन, नौकुचियाताल मार्ग और ब्लॉक कार्यालय के पास नए हाइड्रेंट लगाए गए हैं। वहीं नैनीताल, भवाली और भीमताल में अलग-अलग स्थानों पर फायर टेंडर तैनात किए गए हैं। अतिरिक्त सुरक्षा के लिए दमकल कार्यालय में 5000 लीटर क्षमता वाला फायर टेंडर बैकअप के रूप में रखा गया है।
इसके अलावा, विभाग ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया, जिसमें कुछ कबाड़ गोदामों और रेस्टोरेंट में सुरक्षा इंतज़ामों की कमी पाई गई। इस पर सात कबाड़ कारोबारियों और रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी कर सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पटाखों की दुकान लगाने वालों को अग्निशामक यंत्र, रेत और पानी दुकानों के बाहर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
