भवाली: कैंची धाम स्थित किरौला रेस्टोरेंट में टैक्सी चालक आनंद सिंह शाही की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। रविवार को मृतक के भाई घनश्याम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक रमेश किरौला के खिलाफ धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
घटना शुक्रवार देर रात की है, जब आनंद सिंह किरौला रेस्टोरेंट में ठहरा हुआ था। उस समय रेस्टोरेंट स्वामी रमेश किरौला समेत चार अन्य लोग मौजूद थे। रमेश किरौला ने पुलिस को बताया था कि आनंद उनकी लाइसेंसी बंदूक मांग रहा था, और छीनाझपटी के दौरान गोली चलने से उसकी मौत हो गई।
हालांकि, मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है।
