लालकुआं: सिडकुल की कंपनी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही एक युवती के साथ तीन युवकों ने देर रात स्कॉर्पियो में जबरन खींचने की कोशिश की। घटना कोतवाली के पास हुई, लेकिन युवती की सूझबूझ और परिजनों व राहगीरों की सजगता से आरोपी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। लोगों ने तीनों को पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, युवती पंतनगर सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह ड्यूटी से लौटकर कंपनी की बस से हाईवे पर उतरी। उसका घर बस स्टॉप से करीब 10 मीटर की दूरी पर है। तभी पीछे से सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन युवक पहुंचे और अश्लील फब्तियां कसते हुए उसे गाड़ी में खींचने का प्रयास करने लगे। युवती किसी तरह छूटकर घर की ओर भागी और शोर मचाया।
शोर सुनकर परिजन और राहगीर मौके पर पहुंचे, जिन्होंने आरोपियों को पकड़कर धुनाई कर दी। बाद में तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कोतवाल बृजमोहन राणा ने बताया कि युवती की तहरीर पर अनिल कुमार आर्य (राजीव नगर प्रथम, बिंदुखत्ता), चंदन आर्य और विनोद आर्य (शिव मंदिर कार रोड, बिंदुखत्ता) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस दौरान युवती ने अपने घायल हाथ पर प्लास्टर बंधा होने के बावजूद स्कॉर्पियो पर पत्थर बरसाए और आरोपियों पर पलटवार किया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
एएसपी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही सिडकुल क्षेत्र में कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्टॉपेज पर पुलिस तैनाती की व्यवस्था की जाएगी।
