खटीमा: शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब मंडी समिति के पीछे झाड़ियों में एक महिला का शव प्लास्टिक के कट्टे में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। शव सड़ने से आसपास दुर्गंध फैल गई थी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को बाहर निकाला। शिनाख्त के बाद मृतका की पहचान खटीमा के पकड़िया निवासी 25 वर्षीय महिला के रूप में हुई। बताया गया कि महिला चार दिन से लापता थी।
ग्रामीणों ने मंडी समिति के पीछे रेलवे पटरी के किनारे झाड़ियों में शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के थानों को शिनाख्त के लिए अलर्ट किया।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। शव का पोस्टमार्टम दो चिकित्सकों के पैनल में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
आठ माह पहले हुई थी शादी
मृतका के पिता के अनुसार, उनकी बेटी की शादी आठ माह पूर्व बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी युवक से हुई थी। वह करवाचौथ पर ससुराल गई थी और भैयादूज पर मायके लौटी थी। इसके बाद वह लापता हो गई थी।
