नैनीताल: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में देर शाम एक 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीण इलाके में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली रामनगर क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की है। गुरुवार देर शाम किशोरी अचानक अचेत अवस्था में पाई गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए किशोरी की मां और मौसी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है ताकि घटना की वास्तविकता सामने लाई जा सके।
सूत्रों के अनुसार, किशोरी की मौत के हालात संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। इसी आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
