नैनीताल: उत्तराखंड में सतत विकास लक्ष्यों (SDG) पर उत्कृष्ट काम करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और संगठनों को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष SDG Achiever Award 2024–25 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) और नीति आयोग के सहयोग से राज्य सरकार यह सम्मान प्रदान करेगी।
इस सम्मान का मकसद राज्य में एसडीजी लक्ष्यों को जमीन पर उतारने, नवाचारों को बढ़ावा देने और जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना है। इस बार ग्राम और ब्लॉक स्तर पर किए जा रहे सफल प्रयोगों को भी शामिल किया जाएगा ताकि स्थानीय स्तर पर हो रहे अच्छे काम को पहचान मिल सके।
युवाओं के लिए अलग श्रेणी
इस वर्ष पहली बार SDG Young Achiever Award की शुरुआत की गई है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार, नशा मुक्ति, नवाचार और सामाजिक बदलाव जैसे क्षेत्रों में प्रभावी योगदान दिया है।
राज्य भर से इस वर्ष कुल 60 व्यक्ति/संस्थाओं को ये पुरस्कार दिए जाएंगे। चयनित कार्यों को भविष्य में अन्य योजनाओं के माध्यम से दोहराने (रिप्लिकेट) पर भी जोर दिया जाएगा ताकि उनके अच्छे प्रभाव को अन्य क्षेत्रों तक फैलाया जा सके।
आवेदन प्रक्रिया
पुरस्कार के लिए नामांकन 30 नवंबर 2025 तक आमंत्रित हैं। इच्छुक व्यक्ति या संस्था QR कोड स्कैन कर या ईमेल cppgg@gmail.com पर अपनी प्रविष्टि भेज सकते हैं। नामांकन फॉर्म वेबसाइट cppgg.uk.gov.in पर उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी
डॉ. मुकेश नेगी से संपर्क किया जा सकता है।
संपर्क नंबर: 7500858662
