हरिद्वार: शादी-विवाह के सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए हरिद्वार पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड पर हैं। इसी दौरान हरिद्वार बॉर्डर पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से देहरादून भेजी जा रही 700 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर की बड़ी खेप पकड़ी। पनीर बिना नंबर प्लेट वाले वाहन में ले जाया जा रहा था और उसके पास न तो कोई बिल था, न ही फूड सेफ्टी सर्टिफिकेट। गाड़ी पर शक होने पर पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में ड्रमों में भरा पनीर मिला।
सूचना पर मौके पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने प्रारंभिक जांच में पनीर को मानकों के विपरीत पाया। इसके बाद पूरी खेप को गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया। वाहन चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है कि यह सामान कहां से लाया गया था तथा किसे सप्लाई किया जाना था।
हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि दीपावली से लगातार मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई रोकने के लिए उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर कड़ी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बरामद पनीर का सैंपल सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेज दिया गया है, जबकि मामले की गहन जांच जारी है।
