चमोली:
चमोली जिले के देवाल विकासखंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हाट कल्याणी गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में नवजात शिशु का सिर मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही देवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के सिर को कब्जे में लेकर डीएनए सैंपल की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शनिवार, 29 नवंबर को ग्रामीणों ने थराली–देवाल–वांण मोटर मार्ग के किनारे छप्परों क्षेत्र में झाड़ियों के पास एक नवजात का सिर देखा। घटना की सूचना फैलते ही थोड़ी ही देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसएसआई संजय नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाना शुरू किया। पुलिस के मुताबिक नवजात की उम्र लगभग 1 से 5 दिन के बीच प्रतीत हो रही है।
एसएसआई संजय नेगी ने बताया कि नवजात के डीएनए सैंपल लिए जाएंगे, ताकि इसके मूल तक पहुंचा जा सके। अन्य कानूनी कार्रवाई भी जारी है।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना बेहद गंभीर है और हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
