नैनीताल/हल्द्वानी: SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देश पर जिले में सुबह तड़के से हाई-अलर्ट चेकिंग अभियान शुरू हो गया है।
सुबह होते ही नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड में दिखाई दी। बेलबाबा बॉर्डर बैरियर, आम्रपाली बैरियर, हल्दूचौड़–रामनगर रूट, कालाढूंगी के गडप्पू, बारापत्थर, भीमताल और सुभाष नगर बैरियर सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन चेकिंग चल रही है। हर वाहन, हर व्यक्ति और सामान का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है।
पूरा अभियान राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में चल रहा है। सेक्टरों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है, जबकि दरोगा स्तर की टीम लगातार पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को हाई-इंटेंसिटी मोड पर रखते हुए पुलिसकर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर और ऑटोमेटिक हथियारों से लैस किया गया है।
संदिग्ध गतिविधियों, अतिक्रमण और अवैध कार्यों पर विशेष नज़र रखी जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील बस्तियों में अतिरिक्त सुरक्षा तैनात की गई है। शहर में पैदल गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि हर गतिविधि पर सीधी निगरानी बनी रहे।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की डिजिटल नज़र कड़ी कर दी गई है। अफवाह, भ्रामक पोस्ट या किसी भी तरह का माहौल खराब करने वाली गतिविधि पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शांति बनाए रखें, चेकिंग में सहयोग दें और अपने आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।


