उत्तराखंड मौसम अपडेट
चमोली: उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है। चमोली जिले की भारत–चीन सीमा से सटी नीती घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।
बर्फ से ढकी पहाड़ियों की खूबसूरत तस्वीरें सामने आने के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
जनवरी की शुरुआत से ही चमोली जिले में मौसम खराब बना हुआ था। आसमान में लगातार बादल छाए रहने के बावजूद बर्फबारी नहीं होने से पर्यटक और पर्यटन कारोबारी निराश थे।
औली, आइजन टॉप जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी सूने पड़े थे। अब नीती घाटी में हुई पहली बर्फबारी से उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी होगी।
इस वर्ष अब तक बारिश और बर्फबारी न होने के कारण पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ था। इसका असर जंगलों, खेती और वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई दे रहा था।
जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ गया था, जबकि किसानों की फसलें प्रभावित हो रही थीं। साथ ही बर्फ न गिरने से जंगली जानवर रिहायशी इलाकों की ओर आ रहे थे, जिससे कई क्षेत्रों में तेंदुआ और भालू की मौजूदगी देखी गई।
नीती घाटी में हुई बर्फबारी से न केवल मौसम में बदलाव आया है, बल्कि पर्यटन से जुड़े लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा, तो ठंड के साथ-साथ पर्यावरण और पर्यटन—दोनों को राहत मिलेगी।
