हल्द्वानी: नैनीताल घूमकर वापस लौट रहे युवकों की कार काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा के पास एनएच-109 पर एक पिकअप वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार सुशीला तिवारी चिकित्सालय में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीती देर रात गौलापार क्षेत्र में हाईवे संख्या-109 पर पर्यटकों की कार और पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कार में कुल पांच युवक सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के रिछा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी युवक नए साल के मौके पर नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। जैसे ही उनकी कार खेड़ा के पास पहुंची, सामने से आ रही पिकअप से टक्कर हो गई।
हादसे में कार सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही गौलापार पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान रिजवान निवासी रिछा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। शेष चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है|
