रामनगर: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में इस साल कुल 2 लाख 16 हजार 121 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि हाईस्कूल में 1,12,679 और इंटरमीडिएट में 1,03,442 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
हाईस्कूल में 1,10,573 संस्थागत और 2,106 व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 99,345 संस्थागत और 4,097 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस तरह इंटरमीडिएट में कुल 1,03,442 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए राज्यभर में 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 24 नए केंद्र शामिल हैं। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए 156 संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्र चिन्हित किए गए हैं। अति संवेदनशील केंद्रों में हरिद्वार के 4, पिथौरागढ़ का 1 और अल्मोड़ा का 1 केंद्र शामिल है।
परिषद सचिव ने बताया कि नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन समेत किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। दूरस्थ और संवेदनशील केंद्रों पर जिला प्रशासन का सहयोग भी लिया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 16 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं, हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं, आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य कराए जाएंगे। वहीं मुख्य लिखित परीक्षाएं 21 फरवरी 2026 से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेंगी। परिषद का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
