यतिन पांडे कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के निर्विरोध अध्यक्ष बने
नैनीताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के चुनाव में गुरुवार को दिनभर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। चुनाव टालने को लेकर विवाद, अध्यक्ष पद के प्रत्याशी की आत्मदाह की चेतावनी और संशोधित चुनाव अधिसूचना के बीच आखिरकार हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि यतिन पांडे को छात्र महासंघ का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। देर शाम परिणाम घोषित होने के साथ ही चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई।
दरअसल, गुरुवार सुबह पुलिस-प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था की स्थिति और मतदाता विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों के बंधक होने की आशंका का हवाला देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजा गया था। इसके बाद चुनाव टालने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला तब और गरमा गया, जब अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने आत्मदाह करने की चेतावनी दे दी। इससे विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
चुनाव को लेकर बने तनावपूर्ण माहौल के बीच आनन-फानन में संशोधित चुनाव अधिसूचना जारी की गई। इसके बाद सुबह 10 बजे से प्रस्तावित नामांकन प्रक्रिया एक घंटे की देरी से सुबह 11 बजे शुरू हुई। पूरे घटनाक्रम के दौरान हरमिटेज भवन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन से लेकर चुनाव परिणाम घोषित करने तक की प्रक्रिया पूरी की गई।
हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज से विश्वविद्यालय प्रतिनिधि निर्वाचित यतिन पांडे छात्र महासंघ के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी थे। बताया जा रहा है कि उनके समर्थन में निर्धारित संख्या से अधिक मत थे। इसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से यतिन पांडे को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने का दावा किया गया।
हालांकि, इस दावे को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सहित उनके कुछ समर्थकों ने नकार दिया। इसको लेकर भी विवाद की स्थिति बनी रही। इसके बावजूद अध्यक्ष पद पर किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। ऐसे में यतिन पांडे को बिना मतदान के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
चुनाव अधिकारी डॉ. मनोज कुमार आर्या और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत की ओर से जारी सूचना के अनुसार, छात्र महासंघ के अन्य पदों पर भी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर राजकीय महाविद्यालय सितारगंज के जितेंद्र सिंह धामी, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर राजकीय महाविद्यालय गदरपुर की सुपर्णा भक्त और सचिव पद पर एचएनबी पीजी कॉलेज खटीमा के संचित सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर पीएनबी पीजी कॉलेज रामनगर के भुवन जोशी को निर्विरोध चुना गया।
दिनभर चले हंगामे और विवाद के बाद देर शाम चुनाव परिणाम घोषित किए गए। इसके साथ ही कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई।



