traffic light
नैनीताल: वीकेंड और अवकाश के दौरान कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत हल्द्वानी, भवाली, भीमताल और पर्वतीय क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।
यातायात का दबाव कम करने के लिए बाहरी जनपदों और राज्यों से निजी वाहनों में कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने होंगे। इसके बाद उन्हें शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।
अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम को रोकना है।
वहीं, हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को उनके निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार भवाली के सेनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन्हें रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से भी भेजा जा सकेगा।
हल्द्वानी की ओर से भीमताल होते हुए निजी वाहनों से कैंची धाम जाने वाले बाहरी जनपदों और राज्यों के श्रद्धालुओं को भीमताल विकास भवन पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे।
वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा और सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। दर्शन के बाद वापसी के लिए भी निर्धारित शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे श्रद्धालु अपने वाहन तक पहुंच सकें।
नैनीताल और गेठिया की ओर से निजी वाहनों में कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहन भवाली सेनेटोरियम पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालु स्थानीय शटल सेवा से मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
वापसी के दौरान भी शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य निजी वाहनों की भीड़ को नियंत्रित कर भवाली और कैंची धाम क्षेत्र में जाम की स्थिति से बचना है।
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जा सकता है। इसी तरह पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले चारपहिया वाहनों को जरूरत पड़ने पर क्वारब–रामगढ़–नथुवाखान बाईपास मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात का दबाव अधिक होने पर वाहनों को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। मार्ग की स्थिति और वाहनों की संख्या के अनुसार यातायात पुलिस आवश्यक बदलाव कर सकेगी।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी दोपहिया वाहनों का अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करने होंगे। सड़क किनारे या यातायात में बाधा पैदा करने वाली जगहों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
भीमताल विकास भवन और भवाली सेनेटोरियम पार्किंग को प्राथमिकता दी जाएगी। इनके भरने की स्थिति में वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था के अनुसार वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात प्लान के तहत एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में यातायात पुलिस तत्काल रास्ता खाली कराकर इन वाहनों को प्राथमिकता से उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी।
नैनीताल पुलिस के अनुसार, यह यातायात और डायवर्जन प्लान 2 से 4 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या तथा सड़क पर यातायात के दबाव को देखते हुए व्यवस्था में जरूरत के अनुसार बदलाव भी किया जा सकता है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल सेवा का पालन करने की अपील की है, ताकि कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात सुचारू बना रहे।



