गुलदार का खौफ
नैनीताल: जिले के पहाड़ी इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। ताजा मामला धारी ब्लॉक के खटियाखाल गांव से सामने आया है, जहां बाघ के हमले में 35 वर्षीय महिला गंगा देवी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गंगा देवी अपने घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ महिला को जबड़े में दबोचकर करीब दो किलोमीटर तक जंगल की ओर घसीटता ले गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बाघ जंगल में ओझल हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद जंगल से महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने मांग की है कि आदमखोर बाघ को जल्द से जल्द पकड़कर क्षेत्र को सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
फिलहाल वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन की ओर से मृतक महिला के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।

