देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 27 जनवरी को लेकर पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। अगले 24 से 48 घंटे के भीतर कई जिलों में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, तेज हवाएं, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है।
इसके अलावा देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
