नैनीताल: सरोवर नगरी में शनिवार से प्रस्तावित पृथ्वीराज बिष्ट क्रिकेट टूर्नामेंट विवादों के चलते शुरू नहीं हो सका। नगर पालिका और डीएसए के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस टूर्नामेंट पर खेल विभाग के विरोध के बाद रोक लग गई। हालात यह रहे कि डीएसए ग्राउंड और पिच पर पुलिस तैनात कर दी गई और पूरा मैदान छावनी में तब्दील नजर आया।
पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल टूर्नामेंट का शुभारंभ करने डीएसए ग्राउंड पहुंचीं, लेकिन उससे पहले ही मैदान पुलिस घेरे में था। इसके चलते न तो टूर्नामेंट शुरू हो पाया और न ही प्रस्तावित पत्रकार वार्ता हो सकी। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि टूर्नामेंट रुकना खिलाड़ियों का अपमान है और नगर पालिका इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी।
मामले को लेकर दिनभर प्रशासनिक स्तर पर बातचीत चलती रही। एसडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि शुरुआती विवाद के कारण आयोजन संभव नहीं हो सका, लेकिन बाद में सभी पक्षों के बीच सहमति बनी है। अब नगर पालिका, खेल विभाग और आयोजन एजेंसी मिलकर टूर्नामेंट कराएंगे। उन्होंने बताया कि विधायक सरिता आर्या ने भी सभी से बातचीत कर खिलाड़ियों के हित में समाधान निकालने पर जोर दिया।
पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि खेल विभाग को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाएगा और जरूरी संशोधनों के बाद ही टूर्नामेंट का आयोजन होगा। दिनभर असमंजस और तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन शाम तक सहमति बनने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार से प्रतियोगिता शुरू होगी और खिलाड़ी मैदान पर अपना हुनर दिखा सकेंगे।
